अमेठी : पंचायत चुनाव की मतगणना जिले के सभी 13 मतगणना स्थलों पर रविवार सुबह आठ बजे शुरू होगी। मतगणना शुरू होने के साथ जीत-हार के रुझान भी आने लगेंगे। दोपहर तक तस्वीर भी साफ होने लगेंगी। जैसे-जैसे मतों की गिनती का समय करीब आ रहा है। प्रत्याशियों के साथ ही उनके समर्थकों की धड़कन भी तेज होती जा रही है। मतदान के दिन हुई हिसा व मत पेटी लूट ले जाने की घटना से सबक लेते हुए मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अमेठी : मतगणना से एक दिन पहले ही अधिकारियों की कारगुजारी से एक बार फिर सरकारी तंत्र की भूमिका तब संदेह के घेरे में आ गयी, जब बिना अनुमति के मतपेटियां व सामग्री ट्रक पर लदवाने का प्रकरण सामने आया। प्रत्याशियों व उनके समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा और प्रदर्शन कर हंगामा किया। उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंच हालात संभालते और बीडीओ को कड़ी फटकार लगाई। शनिवार को सुभाष पशुपति नाथ इंटर कालेज में बनाये गये स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब खंड विकास अधिकारी व रिटर्निंग अफसर ने बिना किसी अनुमति व अधिकारियों को सूचित किए ही मतपेटियां व अन्य सामग्री पिछले दरवाजे से ट्रक पर लदवाने लगे। ऐसे में मतपेटियां बदलने का भ्रम उत्पन्न हो गया। एसडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के स्ट्रांग रूम से मतपेटी व सामग्री लदाना गंभीर प्रकरण है। पूरे मामले से जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। मामले में कार्रवाई होगी।
अमेठी : शनिवार को जिले में कोरोना संक्रमण से दो की जान चली गई और 205 नए केस भी सामने आए। वहीं, 279 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हुए। वहीं जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए सभी से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने बताया कि शनिवार को 2157 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें 1952 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और 205 लोग संक्रमित मिले हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही,ं दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जिले में 1634 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है।